मैं डॉक्टर हेमलता सिंह आप सभी के साथ अवसाद (Depression) के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने जा रही हूँ।
इस सामग्री का प्राथमिक उद्देश्य है—अवसाद को समझना और स्वयं तथा अपने प्रियजनों की मदद करने में सक्षम होना।
इस दौरान हम समझेंगे कि अवसाद के प्रबंधन में भोजन, जीवनशैली, व्यायाम, रचनात्मक गतिविधियों, आपसी सहयोग, सकारात्मक वातावरण और दवाओं की क्या भूमिका हो सकती है।
यह कोर्स केवल मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि नॉन-मेडिकल लोगों के लिए भी उपयोगी और लाभकारी है, क्योंकि मानसिक स्वास्थ्य को समझना और जरूरत के समय किसी का साथ देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
आइए, अवसाद को केवल एक बीमारी के रूप में नहीं, बल्कि समझ, संवेदनशीलता और सही सहयोग की आवश्यकता के रूप में समझें।
अवसाद दुनिया में सबसे आम मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है और करोड़ों लोग इससे प्रभावित होते हैं। यह केवल कुछ दिनों तक उदास रहने से कहीं अधिक है।
जीवन में निराशा, दुःख, तनाव या मन का खराब होना सभी को कभी न कभी होता है। लेकिन क्लिनिकल डिप्रेशन या नैदानिक अवसाद एक ऐसी चिकित्सकीय स्थिति है जो लंबे समय तक बनी रह सकती है, व्यक्ति के रोज़मर्रा के जीवन को प्रभावित कर सकती है और जिस पर उचित ध्यान और देखभाल की आवश्यकता होती है।
अवसाद के सामान्य लक्षण
अवसाद में इनमें से कुछ या कई लक्षण दिखाई दे सकते हैं:
– लगातार उदासी या चिड़चिड़ापन
– उन गतिविधियों में रुचि कम होना जिन्हें पहले करना अच्छा लगता था
– नींद में बदलाव
– भूख या खाने की आदतों में बदलाव
– लगातार थकान या ऊर्जा की कमी
– ध्यान लगाने और निर्णय लेने में कठिनाई
– स्वयं को बेकार समझना या अत्यधिक अपराधबोध
– बेचैनी या शरीर की गतिविधियों का धीमा हो जाना
– बार-बार मृत्यु या आत्महत्या के विचार आना
मेजर डिप्रेसिव डिसऑर्डर के निदान के लिए सामान्यतः कम से कम पाँच प्रमुख लक्षणों का अधिकांश दिन, लगभग हर दिन, कम से कम दो सप्ताह तक बने रहना आवश्यक होता है। इनमें उदास मनोदशा या पहले पसंद आने वाली गतिविधियों में रुचि/आनंद की कमी में से कम से कम एक लक्षण शामिल होता है। इन लक्षणों के कारण व्यक्ति के काम, पढ़ाई, रिश्तों या स्वयं की देखभाल में महत्वपूर्ण परेशानी या कठिनाई भी हो सकती है।
हालाँकि, सही निदान केवल लक्षणों की गिनती से नहीं होता। इसके लिए योग्य मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या चिकित्सक द्वारा उचित मूल्यांकन आवश्यक है।
अवसाद का उपचार संभव है
अच्छी बात यह है कि अवसाद का उपचार संभव है।
समय पर चिकित्सकीय देखभाल, मनोवैज्ञानिक सहायता, स्वस्थ जीवनशैली, पर्याप्त नींद, पौष्टिक भोजन और परिवार तथा मित्रों के सहयोग से बहुत से लोग बेहतर होते हैं और एक अर्थपूर्ण एवं संतुष्ट जीवन जी सकते हैं।
मदद माँगना कमजोरी नहीं है। यह ठीक होने की दिशा में पहला कदम हो सकता है।
दुःख और अवसाद
दुःख किसी नुकसान के प्रति हमारी स्वाभाविक प्रतिक्रिया है।
यह किसी प्रिय व्यक्ति की मृत्यु, रिश्ते के समाप्त होने, बीमारी, किसी सपने के टूटने, नौकरी में बदलाव या जीवन में किसी ऐसी चीज़ के खोने के बाद हो सकता है जो हमारे लिए बहुत मायने रखती थी।
दुःख में उदासी, गुस्सा, उलझन, अपराधबोध, थकान या कभी-कभी भावनात्मक सुन्नता भी महसूस हो सकती है।
दुःख मनाने का कोई एक सही तरीका या निश्चित समय-सीमा नहीं होती।
जीवन में कुछ ऐसे नुकसान भी होते हैं जिन्हें हम पहली नज़र में नुकसान नहीं मानते। उदाहरण के लिए:
– घर से दूर चले जाना
– कॉलेज पूरा करना
– नौकरी बदलना
– जीवन की किसी पुरानी भूमिका का समाप्त होना
इन परिस्थितियों में भी व्यक्ति के भीतर एक प्रकार का दुःख या खालीपन पैदा हो सकता है।
दुःख और अवसाद एक जैसे नहीं हैं
दुःख समय के साथ बदल सकता है। कभी कोई दिन बहुत भारी लग सकता है और कभी उसी व्यक्ति को कुछ समय के लिए हल्कापन या खुशी भी महसूस हो सकती है।
अवसाद अधिक लगातार बना रह सकता है और जीवन के कई क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।
दोनों के लक्षण एक-दूसरे से मिल सकते हैं, इसलिए आवश्यकता होने पर योग्य चिकित्सक या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से मूल्यांकन कराना महत्वपूर्ण है।
भोजन और मानसिक स्वास्थ्य
मस्तिष्क शरीर के सबसे अधिक पोषण की आवश्यकता वाले अंगों में से एक है।
उसे स्वस्थ कार्य करने के लिए लगातार प्रोटीन, स्वस्थ वसा, विटामिन और खनिजों की आवश्यकता होती है।
ये पोषक तत्व न्यूरोट्रांसमीटर के निर्माण, भावनाओं के नियमन और तंत्रिका तंत्र के सामान्य कार्य में भूमिका निभाते हैं।
प्रोटीन, विटामिन डी , बी —विशेषकर बी 12 और फोलेट—मैग्नीशियम, जिंक, सेलेनियम, आयरन, कैल्शियम और ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे पोषक तत्वों की कमी कुछ लोगों में थकान, कम ऊर्जा, एकाग्रता, चिंता या मनोदशा में विचलन से जुड़े लक्षणों में योगदान कर सकती है। जो काफी बार बिल्कुल अवसाद बीमारी जैसी छवि लेकर आते हैं ।
कुछ तत्वों की अत्यधिक मात्रा भी नुकसान पहुँचा सकती है। इसलिए किसी भी सप्लीमेंट को बिना आवश्यकता और उचित सलाह के अधिक मात्रा में लेना उचित नहीं है।
संतुलित भोजन में शामिल करें
– सब्जियाँ
– फल
– साबुत अनाज
– दालें और अन्य फलियाँ
– मेवे
– बीज या मिंगि
– कम वसा वाले डेयरी उत्पाद या अन्य गुणवत्तापूर्ण प्रोटीन स्रोत
इन खाद्य पदार्थों से शरीर को एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और स्वस्थ वसा भी मिलते हैं।
वहीं अत्यधिक प्रोसेस्ड भोजन, मीठे पेय और बहुत अधिक रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट को सीमित करना लाभकारी है।
लेकिन याद रखें:
पोषण मानसिक स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन यह पूरी समस्या का अकेला समाधान नहीं है।
अवसाद से उबरने में स्वस्थ भोजन के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि, अच्छी नींद, अर्थपूर्ण रिश्ते, तनाव प्रबंधन, जीवन का उद्देश्य और उचित चिकित्सकीय या मनोवैज्ञानिक सहायता भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
कला और रचनात्मकता
कला दुनिया को देखने के हमारे तरीके को बदल सकती है।
यह खुशी दे सकती है, लोगों को जोड़ सकती है, सीखने की प्रेरणा दे सकती है और हमारे रोज़मर्रा के जीवन में सुंदरता भर सकती है।
दीवार पर लगी कोई पेंटिंग, फूलों का गुलदस्ता, कविता, गीत, तस्वीर, हाथ से बनाई कोई चीज़ या बच्चे की बनाई हुई तस्वीर भी हमारे मन को धीरे से छू सकती है और हमें याद दिला सकती है कि दुनिया में सुंदरता अभी भी मौजूद है।
रचनात्मकता केवल कलाकारों के लिए नहीं है।
हर व्यक्ति के भीतर कुछ ना कुछ रचनात्मक होता है।
शायद आपको संगीत पसंद हो, बागवानी, खाना बनाना, लिखना, फोटोग्राफी, चित्र बनाना, कहानी पढ़ना , बुनाई, नृत्य या केवल फूल सजाना।
यहाँ उद्देश्य पारंगत होना नहीं है। उद्देश्य है—अभिव्यक्ति, जुड़ाव और आनंद।
सच्ची रचनात्मकता तब जन्म लेती है जब हमारा मन, हृदय और आत्मा एक साथ काम करते हैं।
यह ज्ञान को कल्पना से, अनुशासन को स्वतंत्रता से और व्यवस्था को प्रेरणा से जोड़ती है।
यह हमें अपने से बड़ी किसी चीज़ से जुड़ने का अनुभव दे सकती है और हमें शांत, जीवंत और गहराई से मानवीय महसूस करा सकती है।
इसलिए एक क्षण रुककर स्वयं से पूछिए:
मेरी रचनात्मक भाषा क्या है?
मुझे किस तरह का सौन्दर्य बनाना अच्छा लगता है?
हो सकता है कि आपको पता चले कि आपकी रचनात्मकता आपके जीवन के उद्देश्य से बहुत गहराई से जुड़ी हुई है।
जितनी अधिक सुंदरता हम बनाते हैं, उतनी ही अधिक सुंदरता हमें अपने आसपास दिखाई देने लगती है।
जीवन हमें कहीं भी ले जाए, कला उसे अधिक अर्थपूर्ण बना सकती है।
हमें केवल सुंदरता को पहचानने की दृष्टि, उसे बनाने का साहस और उसे दूसरों के साथ बाँटने की उदारता चाहिए।
व्यायाम और अवसाद
व्यायाम शरीर और मस्तिष्क दोनों के लिए लाभकारी है
नियमित शारीरिक गतिविधि हृदय स्वास्थ्य और मधुमेह जैसे कई स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने, नींद में सुधार करने और रक्तचाप को नियंत्रित करने में मदद कर सकती है।
व्यायाम के दौरान शरीर में कई जैविक प्रक्रियाएँ सक्रिय होती हैं। शारीरिक गतिविधि मस्तिष्क में ऐसे बदलावों को भी बढ़ावा देती है जो तंत्रिका कोशिकाओं के स्वास्थ्य और उनके बीच नए संबंध बनाने में सहायता करते हैं।
अवसाद में मस्तिष्क के कुछ हिस्सों, जैसे हिप्पोकैम्पस, में संरचनात्मक और कार्यात्मक बदलाव देखे गए हैं। नियमित व्यायाम मस्तिष्क के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और कुछ लोगों में अवसाद के लक्षणों को कम करने में सहायक हो सकता है।
लेकिन समस्या यह है कि अवसाद स्वयं व्यक्ति की ऊर्जा और प्रेरणा को कम कर सकता है।
नींद खराब हो सकती है, शरीर में दर्द हो सकता है, भूख बदल सकती है और हर काम बहुत मुश्किल लग सकता है।
इसलिए शुरुआत बहुत छोटे कदमों से करें ।
पाँच मिनट टहलना शुरू करें।
फिर पाँच मिनट दस हो सकते हैं और दस मिनट धीरे-धीरे पंद्रह।
आपको पहले दिन बहुत कुछ करने की आवश्यकता नहीं है।
बस थोड़ा उठिए और थोड़ा चलिए।
अवसाद से गुजर रहे व्यक्ति की मदद कैसे करें?
किसी अपने को अवसाद से जूझते हुए देखना बहुत कठिन अनुभव हो सकता है।
वह आपका जीवनसाथी, माता-पिता, बच्चा, भाई-बहन, मित्र या सहकर्मी कोई भी हो सकता है।
आप उन्हें जीवन में रुचि खोते, लोगों से दूर होते और ऐसे भावनात्मक संघर्ष से गुजरते देख सकते हैं जिसे आप स्वयं देख नहीं सकते।
मन में सवाल आ सकता है:
“मैं क्या करूँ?”
“क्या मैं कुछ गलत तो नहीं कह रहा?”
ये सवाल बहुत आम हैं।
किसी अवसादग्रस्त व्यक्ति की मदद करने का अर्थ उसके सारे प्रश्नों का समाधान करना या सही शब्द खोज लेना नहीं है।
इसका अर्थ है:
साथ देना, समझना, धैर्य रखना और आशा बनाए रखना।
सबसे पहले यह समझना आवश्यक है कि अवसाद एक स्वास्थ्य संबंधी स्थिति है।
यह कमजोरी, चरित्र की कमी या इच्छाशक्ति की कमी नहीं है।
अवसाद से गुजर रहा व्यक्ति आलसी नहीं है और न ही वह जानबूझकर आपसे दूर हो रहा है।
जो काम हमें बहुत आसान लगता है, वही उसके लिए उस समय बहुत कठिन हो सकता है।
उसे समय, धैर्य और उचित उपचार की आवश्यकता हो सकती है।
—
किन बदलावों पर ध्यान दें?
कई बार परिवार के लोग व्यक्ति से पहले बदलावों को पहचान लेते हैं।
जैसे:
– पहले पसंद आने वाली चीज़ों में रुचि कम होना
– लोगों से दूर रहना
– असामान्य चिड़चिड़ापन
– निराशा
– बहुत अधिक या बहुत कम सोना
– बिना स्पष्ट कारण शरीर में दर्द
– ध्यान लगाने में परेशानी
– शराब या नशीले पदार्थों का सहारा लेना
इन बदलावों को “सिर्फ एक phase है” कहकर टालना नहीं चाहिए।
—
बातचीत कैसे शुरू करें?
बहुत से लोग इसलिए बात शुरू नहीं करते क्योंकि उन्हें डर लगता है कि कहीं स्थिति और खराब न हो जाए।
लेकिन एक संवेदनशील बातचीत मदद की दिशा में पहला कदम बन सकती है।
कोई शांत समय चुनें।
अपनी चिंता को प्यार से व्यक्त करें।
और बोलने से अधिक सुनने की कोशिश करें।
जल्दी-जल्दी समाधान देने या “बस पाज़िटिव सोचो” कहने के बजाय उन्हें यह महसूस कराएँ कि वे अकेले नहीं हैं।
कभी-कभी आपकी शांत उपस्थिति लंबे-लंबे भाषणों से अधिक सहारा दे सकती है।
—
पेशेवर सहायता के लिए प्रोत्साहित करें
अवसाद व्यक्ति की प्रेरणा को इतना कम कर सकता है कि डॉक्टर या काउंसलर से अपॉइंटमेंट लेना भी बहुत बड़ा काम लग सकता है।
आप व्यावहारिक मदद कर सकते हैं:
– अपॉइंटमेंट लेने में मदद करें
– यदि वह चाहे तो उसके साथ जाएँ
– फॉलो अप याद दिलाएँ
– डॉक्टर द्वारा बताए गए उपचार को नियमित रखने में सहयोग करें
यदि व्यक्ति मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाने में झिझक रहा हो, तो सामान्य स्वास्थ्य जाँच से शुरुआत करना भी एक रास्ता हो सकता है, क्योंकि कुछ शारीरिक स्वास्थ्य समस्याएँ भी अवसाद जैसे लक्षणों में योगदान कर सकती हैं।
—
अपने किसी प्रिय व्यक्ति की देखभाल करते समय स्वयं का ध्यान रखें
किसी अवसादग्रस्त व्यक्ति की लगातार देखभाल करना भावनात्मक रूप से थका देने वाला हो सकता है।
इसलिए:
– अपने परिवार और मित्रों से जुड़े रहें
– अपनेसपोर्ट सिस्टम को बनाए रखें
– पर्याप्त आराम करें
– अपनी दिनचर्या का ध्यान रखें
– अपनी भावनाओं को भी महत्व दें
याद रखें:
आप किसी दूसरे व्यक्ति की बीमारी को अकेले अपने कंधों पर नहीं उठा सकते।
आप सहायता कर सकते हैं, साथ दे सकते हैं, रास्ता दिखा सकते हैं—लेकिन सब कुछ आपके हाथ में नहीं है।
—
आत्महत्या के संकेतों को कभी नज़रअंदाज़ न करें
यदि कोई व्यक्ति:
– निराशा की बात बार-बार करता है
– मृत्यु की बात करता है
– अचानक लोगों को विदा कहने जैसा व्यवहार करता है
– अपने जीवन को समाप्त करने की बात करता है
– या गंभीर अवसाद के बाद अचानक असामान्य रूप से शांत दिखाई देता है
तो इन संकेतों को गंभीरता से लें।
सीधे और संवेदनशील तरीके से पूछें:
“क्या तुम्हारे मन में खुद को नुकसान पहुँचाने या अपनी जान लेने का विचार आ रहा है?”
ऐसी बातचीत करना व्यक्ति के मन में आत्महत्या का विचार पैदा नहीं करता। इसके बजाय यह उसे अपनी बात कहने और मदद तक पहुँचने का अवसर दे सकता है।
यदि तत्काल खतरा हो, तो व्यक्ति को अकेला न छोड़ें और तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता तथा स्थानीय इमेरजेंसी स्वास्थ्य सेवायों से संपर्क करें।
—
अंत में
आप किसी दूसरे व्यक्ति के अवसाद को अकेले ठीक नहीं कर सकते।
लेकिन आपकी दयालुता, धैर्य और लगातार साथ उसके रिकवरी जरनी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकते हैं।
कभी-कभी आशा इसलिए वापस नहीं आती कि किसी को सारे उत्तर मिल गए।
कभी-कभी आशा इसलिए लौटती है क्योंकि किसी ने उस व्यक्ति का साथ नहीं छोड़ा—जब तक कि वह स्वयं दोबारा रोशनी देख पाने की स्थिति में नहीं आया।
अवसाद प्रबंधन
अवसाद के मामलों को समझने के लिए हम अपनी क्लीनिकल समझ के आधार पर उन्हें मोटे तौर पर तीन परिस्थितियों में देख सकते हैं।
1.अक्यूट Acute स्थिति
जैसे किसी अचानक हुई घटना के बाद: – गहरा दुःख
– शॉक
– दुर्घटना
– अचानक कोई बड़ा नुकसान
– कोई तीव्र भावनात्मक घटना
ऐसी स्थिति में सबसे पहली प्राथमिकता व्यक्ति को सुरक्षित महसूस कराना है।
उसे महसूस होना चाहिए कि:
मैं सुरक्षित हूँ।
कोई मेरे साथ है।
मैं अकेला नहीं हूँ।
मैं आराम कर सकता हूँ।
मैं कुछ खा और सो सकता हूँ।
अक्यूट स्थिति में व्यक्ति के आसपास का वातावरण, सुरक्षा, भावनात्मक सहारा, भोजन और नींद जैसी बुनियादी आवश्यकताओं पर पहले ध्यान देना बहुत महत्वपूर्ण है।
जब अक्यूट स्थिति कुछ नियंत्रित हो जाए, तब लंबी रिकवरी पर ध्यान देना है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बहुत गंभीर परिणाम दे सकती है ।
यंहा पर आवश्यकता होने पर तुरंत चिकित्सक या इमेरजेंसी सेवा में मरीज को लेकर जाएँ ।
—
- पहले से चल रही क्रोनिक Chronic समस्या में अक्यूट आउट्बर्स्ट
कुछ लोगों में लंबे समय से भावनात्मक या मानसिक समस्या चल रही होती है और अचानक उसकी तीव्रता बढ़ जाती है।
ऐसे समय हमें देखना चाहिए:
– अभी अचानक क्या बदला?
– क्या कोई नया तनाव या घटना हुई?
– व्यक्ति की सामान्य स्थिति कैसी रहती है?
– इस समय कौन-से लक्षण सबसे अधिक परेशान कर रहे हैं?
– नींद और भोजन कैसे हैं?
– क्या पहले से कोई उपचार चल रहा है?
पहले अक्यूट स्थिति को संभालना और फिर लंबे समय की रिकवरी प्लान पर काम करना आवश्यक है।
—
- क्रोनिक स्थिति
कुछ लोगों में समस्या कई वर्षों से चल रही हो सकती है।
ऐसे मामलों में केवल मानसिक लक्षणों पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है।
व्यक्ति के पूरे स्वास्थ्य को देखना आवश्यक है।
इसमें आवश्यकता के अनुसार सामान्य रक्त जाँच और अन्य चिकित्सकीय मूल्यांकन द्वारा पोषण संबंधी कमियों तथा अन्य शारीरिक या पैथलाजिकल कन्डिशन को रूल आउट करना महत्वपूर्ण हो सकता है।
इसके साथ देखें:
– नींद
– भोजन
– शारीरिक गतिविधि
– तनाव
– रिश्ते
– काम और जीवन की परिस्थितियाँ
– काउन्सलिंग
– आवश्यक सपलीमेंट्स
– चिकित्सकीय उपचार
– व्यक्ति की भावनात्मक और सामाजिक परिस्थितियाँ
एक समग्र दृष्टिकोण
ठीक होने में केवल दवाई नहीं, बल्कि कई चीज़ें साथ काम कर सकती हैं:
उचित चिकित्सा + काउन्सलिंग + संतुलित भोजन + नींद + व्यायाम + तनाव प्रबंधन + रिश्ते + उद्देश्य + स्वयं के छोटे प्रयास।
अवसाद के उपचार में होम्योपैथिक दवाओं की भूमिका
होम्योपैथिक चिकित्सा में व्यक्ति की व्यक्तिगत विशेषताओं, मानसिक स्थिति, स्वभाव , लक्षणों और बीमारी के पूरे अवस्था को ध्यान में रखकर दवा का चयन किया जाता है।
अवसाद के अलग-अलग चरणों और अवस्थाओं —जैसे अक्यूट अवस्था, क्रोनिक अवस्था या किसी क्रोनिक समस्या के दौरान होने वाले अक्यूट आउट बर्स्ट —में भी दवा का चुनाव व्यक्ति के वर्तमान लक्षणों और सम्पूर्ण केस के आधार पर किया जाता है।
उदाहरण के लिए, केवल शोक के लिए होम्योपैथिक रिपरटरी में 150+ दवाईं मिलती हैं। लेकिन जब हम अवसाद के सभी मानसिक और शारीरिक लक्षणों तथा साइन को एक साथ लेकर रिपर्टराजेसन करते हैं, तो संभावित दवाईं की संख्या बढ़ 350+ हो जाती है।
इसके बाद ध्यानपूर्वक केस लेने और लक्षणों की टोटेलिटी के आधार पर चिकित्सक सबसे उपयुक्त दवा का चयन करता है।
लेकिन यहाँ एक बहुत महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है—केवल दवा पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। भोजन, नींद, व्यायाम, जीवनशैली, सामाजिक सहयोग, वातावरण और आवश्यकता पड़ने पर अन्य चिकित्सा एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है। तभी ठीक होने को बेहतर ढंग से सपोर्ट किया जा सकता है।
अवसाद का उपचार कई बार एक लम्बी प्रक्रिया हो सकता है। इसलिए चिकित्सक के साथ नियमित फॉलो अप और अपनी परिस्थितियों, भावनाओं तथा लक्षणों के बारे में खुलकर बताना बहुत महत्वपूर्ण है।
हर फॉलो अप पर केस की वर्तमान स्थिति और लक्षणों की टोटेलिटी के आधार पर उपचार में बदलाव की आवश्यकता हो सकती है। इसलिए पहले कभी लाभ देने वाली कोई होम्योपैथिक दवा स्वयं से दोबारा लेना उचित नहीं है। केवल संदेश या छोटी-सी कॉल के आधार पर बिना पर्याप्त असेस्मन्ट के दवा लेना भी उचित नहीं है।
और सबसे महत्वपूर्ण—यदि अवसाद गंभीर है, आत्महत्या के विचार आ रहे हैं या व्यक्ति की रोजमर्रा की क्रियाकलाप बहुत प्रभावित हो रही है, तो इसे गंभीरता से लेते हुए समय पर योग्य मानसिक स्वास्थय विशेषज्ञ से सम्पूर्ण उपचार और आवश्यक सहायता लेना चाहिए।
दवा के साथ व्यक्ति को समझना, उसकी परिस्थितियों को समझना और रिकवरी के सभी आवश्यक पहलुओं पर काम करना—यही समग्र देखभाल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
—
ठीक होना एक सीधी रेखा नहीं है
कुछ दिन अच्छे हो सकते हैं और फिर कोई कठिन दिन आ सकता है।
इसका अर्थ यह नहीं कि व्यक्ति फिर से वहीं पहुँच गया है जहाँ से उसने शुरुआत की थी।
छोटे सुधारों को भी पहचानें।
अच्छी नींद, नियमित भोजन, हल्का व्यायाम, बाहर कुछ समय बिताना और अर्थपूर्ण सामाजिक जुड़ाव जैसी स्वस्थ आदतों को धीरे-धीरे जीवन में वापस लाएँ।
किसी को टहलने, चाय पीने या किसी शांत गतिविधि के लिए बुलाएँ—लेकिन दबाव न डालें।
यदि वह कई बार मना कर दे, फिर भी समय-समय पर प्यार से पूछते रहें।
बिना दबाव के लगातार साथ देना प्रेम का एक सुंदर रूप हो सकता है।
और जब आप किसी दूसरे की देखभाल कर रहे हों, तब स्वयं की देखभाल करना भी न भूलें।
क्योंकि किसी के साथ चलने के लिए आपका स्वयं का स्वस्थ्य रहना भी जरूरी है।
यहाँ हम अपनी पुस्तक की लिंक साझा कर रहे हैं, जो अवसाद से गुज़र रहे व्यक्तियों के लिए—चाहे वे स्वयं इस कठिन दौर से गुज़र रहे हों या अपने किसी प्रियजन की मदद करना चाहते हों—एक उपयोगी मार्गदर्शिका साबित हो सकती है।



